बेंगलुरू में कार्यालय परिसर में आग से 9 मरे, 50 घायल
अग्निशमन विभाग के निदेशक डी. जी. चेंगप्पा ने आईएएनएस से कहा, "इस हादसे में छह पुरुषों और तीन महिलाओं की मौत हो गई और 50 से ज्यादा घायल हो गए, जिनमें सात की हालत नाजुक है।"
एयरपोर्ट रोड पर स्थित सात मंजिला कार्लटन टॉवर्स में अपराह्न करीब चार बजे पांचवीं मंजिल के एक कार्यालय में आग लगी, जिससे सैकड़ों लोग फंस गए।
इस दौरान एक महिला ने सातवीं मंजिल से छठी मंजिल पर कूदने का प्रयास किया लेकिन वह फिसलकर सबसे नीचे आ गिरी। इसी तरह एक पुरुष सबसे ऊपर की मंजिल से कूद गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दमकल की 16 गाड़ियां लगाई गई थीं और आग बुझाने में करीब घंटे भर का समय लगा और दो घंटे में सभी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक पी. एस. संधू ने संवाददाताओं से कहा कि यह हादसा शायद शार्ट सर्किट की वजह से हुआ।
सैकड़ों लोगों के जमा हो जाने से बचाव कार्य में भी काफी बाधा आई।
संधू ने कहा कि संकरी गलियों और शाम के समय व्यस्त यातायात की वजह से दमकल की गाड़ियां मौके पर देर से पहुंच पाईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications