नक्सली हिंसा छोड़ेंगे तभी होगी बातचीत : सरकार (राउंडअप)
नक्सली नेता किशनजी द्वारा 72 घंटे के संघर्ष विराम का प्रस्ताव दिए जाने के कुछ ही घंटों बाद हथियारबंद नक्सलियों ने पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले में सोमवार देर रात सुरक्षा बलों के एक शिविर पर हमला कर दिया।
गृह मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान में केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने कहा कि नक्सलियों को इस बारे में स्पष्ट बयान देना चाहिए। उन्होंने कहा, "भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की ओर से हिंसा छोड़ने का बयान आ रहा है, इसके बारे में मेरा साधारण तौर पर यही कहना है कि हम वार्ता के लिए तैयार हैं। मैं वार्ता के लिए कोई किंतु-परंतु और शर्त पसंद नहीं करूंगा।"
बयान में चिदंबरम ने कहा, "मैं चाहूंगा कि इस बयान को 011-23093155 पर फैक्स किया जाए। एक बार बयान मुझे मिल जाएगा तो मैं प्रधानमंत्री और दूसरे सहयोगियों से बात करूंगा और उसके मुताबिक जवाब दूंगा।"
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम मिदनापुर जिले के कटापहाड़ी इलाके में सोमवार रात लगभग 10.30 बजे नक्सलियों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविर पर हमला किया। दोनों ओर से लगभग दो घंटे तक गोलीबारी हुई। गोलीबारी में एक संदिग्ध नक्सली की मौत हो गई है।
राज्य के पुलिस महानिरीक्षक भूपिंदर सिंह ने आईएएनएस को बताया, "हमें अनुमान है कि सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं, लेकिन नक्सली दो शवों को उठा ले गए हैं।"
सिंह ने कहा, "घटनास्थल के पास से केवल एक शव बरामद हुआ है। शव की पहचान लालमोहन तुडू के रूप में हुई है। तुडू पुलिस संत्रास विरोधी जनसाधारण समिति (पीसीएपीए) का अध्यक्ष है।"
गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि नक्सली नेताओं की ओर से संघर्ष विराम से जुड़े कई बयानों को देखा है। एक अधिकारी ने कहा, "अभी कोई पुख्ता बयान नहीं आया है। सरकार इन बयानों का जवाब देने में असमर्थ है।"
उल्लेखनीय है कि सोमवार को नक्सलियों ने 25 फरवरी से सात मई के बीच 72 दिनों के संघर्ष विराम के प्रस्ताव का ऐलान किया लेकिन उन्होंने शर्त रखी कि सरकार को उनके खिलाफ अभियान को रोकना पड़ेगा।
इस बीच पीसीएपीए के सदस्यों ने लालमोहन तुडू की मौत के विरोध में बांकुरा, पुरुलिया और पश्चिम मिदनापुर जिलों में बुधवार से अगले सात दिनों के लिए पूर्ण बंद का आह्वान किया है।
यह पूछे जाने पर कि क्या पीसीएपीए द्वारा आयोजित बंद के बारे में कोई जानकारी है, इस पर पुलिस महानिदेशक भूपिंदर सिंह ने कहा, "हमें बंद के बारे में कोई पुष्ट जानकारी नहीं प्राप्त हुई है। लेकिन हमने सुना है कि उन्होंने स्कूलों और सभी आवश्यक संसाधनों को बंद के दायरे से मुक्त रखा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications