राजस्थान में 5 महिला श्रद्धालुओं की रेल से कट कर मौत
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हरियाणा से पैदल ही आ रहे इस जत्थे की एक महिला की साड़ी ट्रैक में फंस गई, जिसको निकालने के लिए चार और महिलाएं मदद के लिए आईं और तेज गति से आ रही फुलेरा-रेवाड़ी पैसेंजर रेलगाड़ी की चपेट में आ गईं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद श्याम भजनों में लीन इस जत्थे में चीख-पुकार मच गई।
हरियाणा से जत्थे में आए श्रद्धालुओं में से कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भाघेगा गांव के नजदीक रेल की पटरियों के किनारे-किनारे चल रहे इस जत्थे की एक महिला की साड़ी ट्रैक में फंस गई थी। उसे निकालने के लिए कुछ और महिलाएं उस महिला के नजदीक पहुंचीं और साड़ी निकालने की कोशिश शुरू कर दी।
इसी दौरान पीछे से एक ट्रैक्टर पर भी कुछ श्याम भक्त गाते-बजाते जा रहे थे। बताया जाता है कि वाहन में लगे लाउडस्पीकर का शोर इतना अधिक था कि ट्रैक पर आ रही रेलगाड़ी की आवाज नहीं सुनाई दी। महिलाओं को भी भनक नहीं लगी कि उनके पीछे तेज गति से मौत आ रही है। वे साड़ी निकालने में ही मशगूल थीं कि इतने में सवारी गाड़ी तेज गति से गुजरी और पांच महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद जत्थे में हड़कंप मच गया। महिलाओं की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस ने बताया कि तमाम महिलाएं एक बड़े समूह के रूप में हरियाणा के नारनौल से पदयात्रा के रूप में रवाना हुई थीं। कल शाम तमाम लोग सीकर पहुंच गए थे। मंगलवार को सवेरे नीमकाथाना इलाके से होते हुए खाटू के लिए जा रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications