टाइटलर, रेणुका सहित 22 पूर्व सांसदों का सरकारी बंगलों पर कब्जा
इन सरकारी बंगलों पर कब्जा जमाए रखने वालों में कांग्रेस के जगदीश टाइटलर और रेणुका चौधरी, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान, समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद सलीम शेरवानी, वरिष्ठ वकील व पूर्व सांसद राम जेठमलानी और पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत वी. पी. सिंह के परिवार के सदस्य शामिल हैं।
सूचना के अधिकार के तहत कार्यकर्ता सुभाष चंद्र अग्रवाल ने इस संबंध में सरकार से जवाब मांगा था। अग्रवाल ने सरकार से यह भी पूछा था कि सरकारी बंगलों में अनधिकृत तरीके से रह रहे लोगों के घरों का सामान बाहर फेंकने के लिए उसने क्या कदम उठाए हैं जैसा कि उसने पूर्व सांसद रामदास अठावले के मामले में किया था।
इसके जवाब में मंत्रालय की ओर से जवाब दिया गया, "ऐसे कदम सार्वजनिक परिसर अधिनियम के तहत तब उठाए जाते हैं जब आवश्यक समझा जाए।"
अग्रवाल ने कहा, "लोकसभा चुनाव के संपन्न हुए 10 महीने गुजरने के बाद भी सरकार इन बंगलों को खाली कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने में असफल रही है, जबकि रामदास अठावले के मामले में जबरदस्ती और बलपूर्वक कार्रवाई की गई थी।"
उन्होंने कहा, "सरकार को यह जवाब देना चाहिए कि इन 22 बंगलों में रहने वालों के खिलाफ अठावले की तरह कार्रवाई क्यों नहीं की गई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications