आंध्र विधानसभा ने युवाओं से आत्महत्या न करने की अपील की
मुख्यमंत्री के. रोसैया द्वारा एक बयान में युवाओं से ऐसे उग्र कदम न उठाने के लिए कहने के बाद विधानसभा अध्यक्ष एन. किरणकुमार रेड्डी ने पूरे सदन की ओर से युवाओं और छात्रों से यह अपील की।
अध्यक्ष ने कहा, "आपका जीवन मूल्यवान है। राज्य को आपके जीवन की आवश्यकता है। मैं पूरे सदन की ओर से आपसे आत्महत्या न करने की अपील करता हूं।"
विपक्ष के नेता व तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने भी आत्महत्याओं पर चिंता जताते हुए यही अपील की।
इससे पहले रोसैया ने कहा कि युवा और छात्र आत्महत्या न करें और शांतिपूर्व व लोकतांत्रिक तरीके से अपने विचार रखें। उन्होंने उस्मानिया विश्वद्यालय के छात्रों की संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) के हिंसा का सहारा न लेने के निर्णय और छात्रों से अपना जीवन समाप्त न करने की अपील किए जाने का स्वागत किया है।
मुख्यमंत्री ने सदन से कहा कि यह एक संवेदनशील मुद्दा है और हर किसी को अपने विचार रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा, "लेकिन इन विचारों को लोगों के लिए कोई भी असुविधा पैदा किए बिना शांतिपूर्ण ढंग से रखा जाना चाहिए।"
उन्होंने सलाह दी कि वे अपने विचार केंद्र द्वारा पृथक राज्य की मांग के मुद्दे को देखने के लिए गठित श्रीकृष्ण समिति को बताएं। रोसैया ने सदन को आश्वासन दिया कि वह केंद्र सरकार के फैसला मानेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications