कश्मीर विधानसभा ने पाक में सिख के सिर कलम की निंदा की (लीड-1)
मंगलवार को विधानसभा में राजस्व मंत्री रमण भल्ला ने पाकिस्तान में सिख व्यक्ति का सिर कलम किए जाने की घटना को उठाया। उन्होंने कहा कि जम्मू में हो रहे प्रदर्शन लोगों के क्रोध को दर्शाते हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जम्मू एवं कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी और अन्य दलों के सदस्यों ने सिख के सिर कलम की घटना को जघन्य करार दिया। सदस्यों ने कहा कि पाकिस्तान सरकार को इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए कहना चाहिए।
मंगलवार को जम्मू में सिख संगठनों ने इस घटना के खिलाफ बंद का आह्वान किया। बंद का आह्वान जम्मू एवं कश्मीर सिख यूनाइटेड फ्रंट ने किया है। जम्मू में मंगलवार को सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। सड़कों पर वाहन नहीं के बराबर दिखे।
सिख समुदाय के कई लोगों के पाकिस्तान और तालिबान के खिलाफ नारेबाजी की। सिख नेता महंत मंजीत सिंह ने कहा, "हम भारत सरकार से मांग करते हैं कि वह पाकिस्तान से सख्त रवैये में बात करे कि सिख समुदाय पाकिस्तान में अपने लोगों के खिलाफ इस प्रकार के जघन्य कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगा।"
बंद के संबंध में पुलिस ने बताया कि पूरे शहर में स्थिति शांतिपूर्ण है और कहीं से किसी हिंसक घटना की खबर नहीं मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications