सज्जन कुमार के खिलाफ नया गैर जमानती वारंट (लीड-1)
अतिरिक्त मुख्य महानगरीय दंडाधिकारी लोकेश कुमार ने सज्जन कुमार और अन्य को अदालत में उपस्थित नहीं होने के कारण गैर जमानती वारंट जारी किया। इन सभी को 10 मार्च को अदालत में पेश करने के लिए कहा गया है।
अदालत ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कहा कि वह 10 मार्च को सज्जन कुमार और अन्य की अदालत में उपस्थिति को सुनिश्चित करे।
सीबीआई के वकील ने अदालत में कहा कि सज्जन कुमार और अन्य को गिरफ्तार करने के लिए चार जगहों पर छापे मारे गए थे लेकिन गिरधारी लाल के अलावा किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया जा सका। लाल भी इस मामले में आरोपी है।
सीबीआई की इस दलील पर अदालत ने कहा कि जांच एजेंसी ठीक ढंग से काम नहीं कर रही है। अदालत ने कहा, "क्या यह किसी प्रमुख जांच एजेंसी के काम करने का तरीका है? रात में आरोपियों को पकड़ने की कोशिश क्यों नहीं की गई जब आवास में उनके रहने की सबसे अधिक संभावना होती है। इससे प्रतीत होता है कि सीबीआई जांच में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है।"
सीबीआई द्वारा मामले के आरोपियों के फरार होने की बात कहने पर, सज्जन कुमार के वकील आई.यू.खान ने कहा, "हम फरार नहीं हैं। मैं कोई तथ्य छुपा नहीं रहा हूं और केवल अपने मुवक्किल की जमानत याचिका पर दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले का इंतजार कर रहा हूं। "
अदालत ने दोषियों द्वारा उपस्थित नहीं होने के लिए दिए गए आवेदन को खारिज करते हुए कहा कि अदालत दया पर काम नहीं करती है। वैसे अदालत ने मंगोलपुरी इलाके के एक मामले की रिपोर्ट को बंद कर सज्जन कुमार को राहत दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications