नवजात शिशु की हत्या मामले में पीडीपी ने अब्दुल्ला सरकार को कोसा (लीड-1)
पीडीपी ने इस मुद्दे पर मंगलवार को विधानसभा से बहिर्गमन किया। पीडीपी विधायक मासूम के हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि सरकार 11 दिनों के इरफान के हत्यारों का पता लगाने को लेकर गंभीर नहीं है।
सदन से बहिर्गमन के बाद पत्रकारों से चर्चा में पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा, "जम्मू एवं कश्मीर में सरकार जैसी कोई चीज ही नहीं है।"
उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी करने वालों की समस्याओं का समाधान निकालने की बजाए सरकार विपक्ष को दोषी ठहरा रही है। उन्होंने कहा, "सरकार को यह जवाब देना होगा कि कैसे पत्थरबाजी करने वाले दो गाड़ियों में आए और उस गाड़ी को निशाना बनाया जिसमें नवजात अपनी मां के साथ था।"
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को पथराव कर रहे प्रदर्शनकारियों को इरफान की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस से दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ आरोप तय करने को कहा था।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को बारामूला में उग्र प्रदर्शनकारियों के पथराव में 11 दिनों के इरफान की मौत हो गई थी। वह अपनी मां के साथ एक गाड़ी में सवार था। इतने में प्रदर्शनकारियों ने उस गाड़ी को निशाना बनाकर पथराव किया। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान मासूम की मौत हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications