उड़ीसा में वांछित नक्सलियों की तस्वीरें जारी
भुवनेश्वर, 22 फरवरी (आईएएनएस)। उड़ीसा में पुलिस ने पहली बार दो प्रमुख नक्सलियों को पकड़ने के लिए उनकी तस्वीरें जारी की हैं। इन दोनों पर विश्व हिंदू परिषद के नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या सहित 30 से ज्यादा आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार रविवार को प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के दो प्रमुख सदस्यों सब्यसाची पांडा और दुना केशव राव की तस्वीरों वाले सैकड़ों पोस्टर गंजम, गजपति, कंधमाल और रायगाडा जिले के कई स्थानों पर चिपकाए गए।
एक अधिकारी ने बताया, "यह पहली बार है कि पूरी शिनाख्त के बाद पुलिस ने तस्वीरें जारी की हैं। ये दोनों राज्य में कई हमलों को अंजाम देने में शामिल थे। इन पर लूट, हत्या, फिरौती जैसे 30 संगीन मामले दर्ज हैं।"
पुलिस का कहना है कि ये दोनों नक्सली विहिप नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या के मामले में संलिप्त थे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 में लक्ष्मणानंद की हत्या के बाद कंधमाल में ईसाई विरोधी हिंसा भड़क गई थी जिसमें कम से कम 38 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications