आतंकवाद कतई बर्दाश्त नहीं : राष्ट्रपति
नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार आतंकवाद कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और इसकी चुनौतियों से निपटने के लिए वह सजग है।
संसद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, "आतंकवादी गतिविधियां कतई बर्दाश्त न करना हमारी सैद्धांतिक नीति है। हमें वैश्विक आतंकवादी समूहों पर लगातार निगरानी रखनी होगी और तत्पर रहना होगा।"
केंद्र सरकार द्वारा आतंकवाद के खिलाफ उठाए गए सुरक्षात्मक कदमों का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के चार केंद्र स्थापित किए, राष्ट्रीय जांच एजेंसी को प्रभावी बनाया और खुफिया जानकारियों की समीक्षा के लिए गठित बहु-एजेंसी केंद्रों को मजबूत बनाया गया है। इन उपायों से देश की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता हुई है।
उन्होंने कहा, "कुल मिलाकर वर्ष 2009 के दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक घटनाएं नियंत्रित रहीं। जम्मू एवं कश्मीर में सीमा पार से आतंकवादियों की घुसपैठ बढ़ी है।"
राष्ट्रपति ने कहा, "घुसपैठ के मामलों में आई वृद्धि के बावजूद जम्मू एवं कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति में सुधार हुआ है।" उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का बढ़ता खतरा हमारे लिए अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications