छेड़खानी का विरोध करने वाली दलित युवती को आग लगाई
लखनऊ, 22 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में छेड़खानी का विरोध करने पर एक दलित युवती को मुहल्ले के एक दबंग युवक ने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी युवती जिला अस्पताल में भर्ती है।
घटना कोतवाली इलाके के ताजपुर मोहल्ले की है। अल्ताफ (22 वर्ष) नामक युवक पर आरोप है कि उसने रविवार शाम मुहल्ले की एक दलित युवती (25 वर्ष) से छेड़खानी की। युवती के विरोध करने पर उसने दो साथियों के साथ मिलकर युवती पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक हरदेव सिंह ने सोमवार को वहां संवाददाताओं को बताया कि बुरी तरह से झुलसी युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सिंह ने कहा कि मुख्य आरोपी अल्ताफ सहित तीनों फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घटना से नाराज लोगों ने सोमवार सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदशर्न किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। घटना के बाद से इलाके में तनाव है। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दबंग युवक परचून की दुकान चलाता है। रविवार शाम को पीड़िता उसकी दुकान पर कुछ सामान लेने गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications