महिला अधिकारी को खोजने के लिए लगाई गई एसटीएफ
पुलिस के अनुसार निगम की जिला प्रबंधक राकेश जैन (53) गत शुक्रवार को अपने सीतापुर स्थित कार्यालय से यह कहकर निकलीं कि वह अपर जिलाधिकारी (एडीएम) से उनके कार्यालय मिलने जा रही हैं। लेकिन वह न एडीएम कार्यालय पहुंची और न ही वापस अपने कार्यालय। उसके बाद से उनका कोई पता नहीं है।
वह लखनऊ के इंदिरानगर में किराये पर रहती थीं। यहीं से रोजाना सीतापुर स्थित निगम कार्यालय आती जाती रहती थीं।
इस मामले में निगम के लेखा प्रभारी वसीउर्लहमान की तरफ से सीतापुर कोतवाली (शहर) में जिला प्रबंधक की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया जा चुका है।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) बृजलाल ने सोमवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ को उनकी खोज में लगा दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक लगातार जिला प्रबंधक और उनके चालक अभय सोनी के मोबाइल पर फोन मिलाये जा रहे है लेकिन वे बंद हैं।
इस मामले में चालक अभय सोनी की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। पुलिस अधिकारी इस बारे में कुछ भी बताने से इन्कार कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस जिला प्रबंधक के अपहरण की आशंका से इन्कार नहीं कर रही है।
पुलिस के मुताबिक राकेश के पति वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी थे। कुछ साल पहले उनके निधन के बाद राकेश को नौकरी मिल गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications