अफगानिस्तान में हमले में 48 नागरिकों की मौत (लीड-2)
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) द्वारा रविवार को अफगानिस्तान के दई कुंदी प्रांत में किए गए हवाई हमले में महिलाओं और बच्चों सहित 33 नागरिकों की मौत हो गई जबकि सोमवार को पूर्वी अफगानिस्तान में एक आत्मघाती बम हमले में 15 लोगों की मौत हो गई। इन हमलों में 27 लोग घायल हुए हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए ने प्रांतीय गर्वनर के हवाले से खबर दी है कि दई कुंदी प्रांत में रविवार को तीन वाहनों को निशाना बनाकर यह हवाई हमला किया गया था।
राष्ट्रपति हामिद करजई और कैबिनेट मंत्रियों ने नाटो द्वारा किए गए इस हवाई हमले की कड़ी निंदा की है।
कैबिनेट मंत्रियों ने एक बयान जारी कर नाटो से आग्रह किया है कि वे किसी भी तरह के सैन्य अभियान को अंजाम देने से पहले अधिकतम सावधानी बरतें।
गौरतलब है कि नोटो के नेतृत्व वाले अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा सहायता बल (आईएसएएफ) ने कहा है कि हवाई हमला संदिग्ध आतंकवादियों के एक समूह को निशाना बनाकर किया गया था। ऐसा माना जा रहा है कि आतंकवादियों का एक समूह आईएसएएफ-अफगान के संयुक्त दल पर हमला करने जा रहा था।
आईएसएएफ ने एक बयान जारी कर कहा, "जब संयुक्त दल घटनास्थल पर पहुंचा तो उन्हें महिलाओं और बच्चों के बारे में पता चला। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया।"
आईएसएएफ के बायान में कहा गया है कि इस मामले में संयुक्त जांच चल रही है।
अफगानिस्तान में नाटो के कमांडर स्टेनले मैकक्रिस्टल ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा, "निर्दोष लोगों के मारे जाने से हम बहुत दु:खी हैं।"
उधर, प्रांतीय पुलिस प्रमुख जनरल अयूब सालंगी ने बताया कि पूर्वी प्रांत नंगरहार के दस्ते जीमतला इलाके में हमला उस वक्त हुआ जब अधिकारी गरीबों को जमीन का वितरण कर रहे थे।
उन्होंने ने बताया, "हमले में 15 की मौत हो गई जबकि करीब इतने ही लोग जख्मी हो गए"
पुलिस प्रमुख ने बताया कि कबाइली नेता और पूर्व विद्रोही कमाडंर हाजी जमान इस हमले में मारा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications