भारत से बाहर भी आई-20 की निर्माण इकाई लगाएगी हुंडई मोटर
कंपनी का कहना है कि यूरोप में कॉम्पैक्ट कारों की बढ़ती मांग को देखते हुए उसे ऐसा करना पड़ रहा है। हुंडई मोटर इंडिया के निदेशक अरविंद सक्सेना ने पत्रकारों से कहा, "यूरोप में कॉम्पैक्ट कारों की मांग बहुत ज्यादा है। हम भारत में रहकर यूरोप की मांग को पूरा नहीं कर सकते। ऐसे में हमें तुर्की में एक इकाई स्थापित करनी पड़ेगी।"
सक्सेना ने बताया कि यूरोप में इस वर्ष 40,000 आई-20 कारों की मांग है। अगले वर्ष यह संख्या बढ़कर 70,000 तक पहुंच जाएगी। सक्सेना ने हालांकि यह नहीं बताया कि तुर्की में लगाई जाने वाली इकाई कब से काम करना शुरू कर देगी।
कंपनी ने अपने एक लोकप्रिय मॉडल-गेट्ज को धीरे-धीरे बाजार से हटाने का फैसला कर लिया है। इसे देखते हुए आई-20 की मांग बढ़ने की पूरी-पूरी संभावना है। इसी के मद्देनजर कंपनी ने तुर्की में एक इकाई स्थापित करने का फैसला किया है।
हुंडई मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक एच. डब्ल्यू. पार्क ने कहा, "हुंडई भारत में बनाकर निर्यात की जाने वाली कारों के बाजार में 66 फीसदी हिस्सेदारी रखती है। यह एकमात्र कंपनी है, जिसने भारत से बाहर 10 लाख कारों का निर्यात किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications