नाटो के हमले में 33 नागरिक मारे गए (लीड-1)
काबुल, 22 फरवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के दई कुंदी प्रांत में रविवार को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के हवाई हमले में महिलाओं और बच्चों सहित 33 नागरिक मारे गए जबकि 12 घायल हो गए।
समाचार एजेंसी डीपीए ने प्रांतीय गर्वनर के हवाले से खबर दी है कि दई कुंदी प्रांत में रविवार को तीन वाहनों को निशाना बनाकर यह हवाई हमला किया गया था।
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई और कैबिनेट मंत्रियों ने नाटो द्वारा किए गए इस हवाई हमले की कड़ी निंदा की है।
कैबिनेट मंत्रियों ने एक बयान जारी कर नाटो से आग्रह किया है कि वे किसी भी तरह के सैन्य अभियान को अंजाम देने से पहले अधिकतम सावधानी बरतें।
इससे पहले सुल्तान अली उरुजगनी ने हवाई हमले में 27 लोगों के मारे जाने के बारे में जानकारी दी थी लेकिन राष्ट्रपति कार्यालय ने 33 लोगों के मारे जाने और 12 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि नोटो के नेतृत्व वाले अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा सहायता बल (आईएसएएफ) ने कहा है कि हवाई हमला संदिग्ध आतंकवादियों के एक समूह को निशाना बनाकर किया गया था। ऐसा माना जा रहा है कि आतंकवादियों का एक समूह आईएसएएफ-अफगान के संयुक्त दल पर हमला करने जा रहा था।
आईएसएएफ ने एक बयान जारी कर कहा, "जब संयुक्त दल घटनास्थल पर पहुंचा तो उन्हें महिलाओं और बच्चों के बारे में पता चला। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया।"
आईएसएएफ के बायान में कहा गया है कि इस मामले में संयुक्त जांच चल रही है।
अफगानिस्तान में नाटो के कमांडर स्टेनले मैकक्रिस्टल ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा, "निर्दोष लोगों के मारे जाने से हम बहुत दु:खी हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications