गुजरात में पार्सल से भेजे गए पक्षी बरामद
गांधीनगर, 22 फरवरी (आईएएनएस)। गुजरात में अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर कोलकाता से आए एक पार्सल से आती हुई पक्षियों के चहचहाने की आवाज सुनने के बाद पुलिस ने उस पार्सल से 200 आकर्षक पक्षी बरामद किए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक जी.डी. त्रिवेदी ने बताया कि यह पार्सल रविवार को कोलकाता से आया था जिसमें से विदेशी तोते, कबूतर और अन्य पक्षी बरामद किए गए। पक्षियों की ये सभी प्रजातियां वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित हैं।
यह पार्सल मुन्नाभाई नाम के एक शख्स के लिए था। जब इससे चहचहाने की आवाज सुनी गई तो पुलिस को संदेह हुआ।
जांच के बाद पता चला कि पक्षी एक पिंजरे में थे और इस पिंजरे के चारों ओर बहुत अधिक कपड़े लपेटे गए थे। पार्सल पर नजर रखी गई थी और जो व्यक्ति इस पार्सल को लेने आया उसकी बाद में मोहम्मद शेख के रूप में पहचान की गई। उसे पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया गया है।
शेख इस मामले में मुख्य अभियुक्त के लिए चपरासी का काम करता था। मुख्य अरोपी फरार होने में सफल रहा। राज्य वन विभाग अब मामले की जांच कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications