पश्चिम बंगाल में 2 माकपा कार्यकर्ताओं की हत्या
कोलकाता, 22 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में सोमवार तड़के संदिग्ध नक्सलियों ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दो कार्यकर्ताओं की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार नक्सलियों के एक समूह ने बालेश्वर सिंह सरदार और कराली महतो को उनके घरों से अगवा कर लिया। नक्सलियों ने समीप के जंगल में ले जाकर दोनों की हत्या कर दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "नक्सलियों ने कथित तौर पर कहा था कि वे दोनों को बातचीत के सिलसिले में जंगल में ले जाएंगे। बाद में सोमवार सुबह सरदार और महतो मृत पाए गए।"
घटनास्थल के पास से कुछ नक्सली पोस्टर बरामद किए गए हैं जिनमें कहा गया है कि पुलिस का मुखबिर होने की वजह से दोनों की हत्या की गई है।
गौरतलब है कि राज्य के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य अपने कार्यक्रम के मुताबिक क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था का जायजा लेने के लिए 26 और 27 फरवरी को नक्सल प्रभावित जिलों पुरुलिया और बांकुरा का दौरा करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications