राष्ट्रपति के अभिभाषण की भाजपा, माकपा ने आलोचना की
नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन के संबोधन के बारे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि इसमें कुछ भी खास नहीं है। वहीं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने महंगाई जैसे विषय पर सुधारात्मक उपायों का जिक्र न किए जाने के लिए राष्ट्रपति के अभिभाषण की आलोचना की।
भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने आईएएनएस से कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण जमीनी सच्चाइयों से परे है। उन्होंने कहा, "खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के बारे में एक लाइन जिक्र नहीं है। मुझे लगता है कि इसमें कुछ भी खास नहीं है। इसमें दिशा का अभाव है।"
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में महंगाई से निजात दिलाने के उपाय होते तो सांसदों को संसद में इस विषय पर चर्चा की दिशा मिलती।
माकपा पोलित ब्यूरो की सदस्य वृंदा करात ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "सरकार का रवैया हमेशा की तरह है।" उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि महंगाई जैसे विषय पर सुधारात्मक उपायों का इसमें कोई जिक्र नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications