बारबालाओं संग थिरकने वाले विधायक से नाराज हैं नीतीश
पटना, 22 फरवरी (आईएएनएस)। जनता दल-युनाइटेड के एक विधायक का बारबालाओं के साथ कथित तौर पर नशे की हालत में ठुमके लगाना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नागवार गुजरा। खबर है कि वह इस विधायक से नाराज हैं। इतना ही नहीं उन्होंने विधायक को फटकार भी लगाई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ऐसी हरकत के लिए विधायक श्याम बहादुर सिंह को फटकार लगाई है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में सामने आते ही विधायक ने मुख्यमंत्री सहित आम लोगों से इस कृत्य के लिए माफी भी मांग ली।
जीरादेई विधान सभा क्षेत्र के विधायक श्याम बहादुर सिंह ने शनिवार रात बार बालाओं के साथ कथित तौर पर नशे की हालत में चार घंटे तक जमकर ठुमके लगाए थे।
इस घटना के रविवार को पटना में आयोजित महादलित रैली में भीड़ जुटाने का जिम्मा क्षेत्रीय विधायकों को दिया गया था। इसी कारण जीरादेई क्षेत्र से लेागों को लाने की जिम्मेवारी सिंह को सौंपी गई थी। शनिवार की रात क्षेत्र के लोगों के मनोरंजन के लिए विधायक आवास के नीचे ही नाच-गाने का आयोजन किया गया था। इनमें एक दर्जन बारबालाएं भी शामिल थीं।
इस आयोजन के दौरान विधायक सिंह खुद भी बारबालाओं के साथ ठुमके लगाने लगे। इस दौरान किसी ने उन्हें रोकने की भी कोशिश भी नहीं की। अगले दिन सुबह मीडिया में इस घटना के आने की खबर जब सिंह को हुई तो उन्होंने लोगों से माफी ही नहीं मांगी बल्कि उन्होंने यहां तक कह दिया कि वह इस कलंक को धोने के लिए विधायक पद से इस्तीफा भी दे सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री समेत पार्टी के सभी लोगों से माफी मांगी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications