गुड़गांव में बच्चा अगवा करने के मामले में दंपति गिरफ्तार
गुड़गांव के पुलिस उपायुक्त अनिल धवन ने सोमवार को बताया कि दंपति की पहचान बाली और राहुल के रूप में की गई है। दोनों को रविवार रात को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार दंपति ने शनिवार को अपने मकान मालिक के बच्चे को पटेल नगर स्थित आवास के बाहर से अगवा किया था। बच्चे के पिता बेकरी के मालिक हैं।
गुड़गांव पुलिस आयुक्त एस.एस.देशवाल ने कहा,"बच्चे को अगवा करने के तुरंत बाद दंपति ने उसके पिता से छह लाख रुपये फिरौती की मांग की। दंपति बच्चे के पिता को गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर आने के लिए कहा लेकिन इसके बाद में दोनों ने उन्हें अजमेर की तरफ जा रही रेलगाड़ी में सवार हो जाने को कहा।"
दंपति ने बच्चे के पिता को रुपयों से भरे बैग को पास के ही एक रेलवे क्रासिंग पर गिराने के लिए कहा लेकिन इसी दौरान पुलिस की टीम ने आपातकालीन जंजीर खींचकर रेलगाड़ी रोक दी और फोन के विवरण के आधार पर अपहरणकर्ताओं को पकड़ लिया।
देशवाल ने कहा, "बच्चे ने हमें बताया कि अगवा करने के बाद दंपति उसे सिनेमाघर ले गए, जहां उसे एक घंटे तक रखा गया। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि बच्चे को पालम विहार स्थित सिनेमाघर ले जाया गया था। सीसीटीवी फुटेज में भी इसकी पुष्टि हुई है।"
देशवाल ने कहा कि दंपति पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications