वैश्विक शक्तियों से संबंध हुए प्रगाढ़ : राष्ट्रपति
नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने देश की बढ़ती वैश्विक हैसियत की ओर इशारा करते हुए सोमवार को कहा कि विश्व की प्रमुख शक्तियों से देश के संबंधों में मजबूती आई है।
बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, "विश्व की प्रमुख शक्तियों से हमारे संबंधों में प्रगाढ़ता आई है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अमेरिका यात्रा से क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों में नया आयाम जुड़ा है।"
उन्होंने कहा, "मेरी और प्रधानमंत्री की रूस यात्रा ने दोनों देशों की मित्रता को नया आयाम दिया और नए क्षेत्रों में सहयोग के द्वारा खुले।"
राष्ट्रपति ने कहा, "चीन के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर हमारी रणनीतिक और सहयोग साझेदारी उत्तरोत्तर बढ़ी है। प्रधानमंत्री के जापान दौरे ने दोनों देशों के बीच सभी क्षेत्रों के सहयोग को आगे बढ़ाने की दोनों देशों की मंशा को रेखांकित किया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications