बिग बी के प्रचार से गुजरात पर्यटन को बढ़ावा मिलने के आसार
पर्यटन सचिव विपुल मित्रा कहते हैं कि एक फरवरी से राज्य का नया ब्रांड एम्बेस्डर बनने को अमिताभ की रजामंदी मिलने के बाद से उनके साथ बातचीत जारी है।
नीसा समूह के पर्यटन एवं यात्रा पोर्टल 'कैम्बेटूर्स डॉट कॉम' का रविवार को यहां शुभारंभ करने के बाद मित्रा ने कहा, "गुजरात का ब्रांड एंबेस्डर बनने की इच्छा जाहिर करने वाले अमिताभ बच्चन के साथ शुरुआती बातचीत हो चुकी है।"
उन्होंने बताया कि अमिताभ ने पहले ही उन लोगों के नामों के संकेत दिए हैं जिनके साथ वह टेलीविजन कार्यक्रम और प्रचार के मीडिया अभियान बनाने में सहज हैं। इस संबंध में पीयूष पांडे से भी बातचीत की जा रही है।
उन्होंने कहा, "अमिताभ द्वारा गुजरात का प्रचार करने से अनुमान के मुताबिक पर्यटन को सबसे अधिक फायदा होगा।"
अपनी फिल्म 'पा' की विशेष स्क्रीनिंग के लिए छह जनवरी को गांधीनगर पहुंचे अमिताभ ने राज्य का ब्रांड एंबेस्डर बनने की इच्छा जाहिर की थी। अमिताभ ने कहा था कि वह राज्य के विकास से प्रभावित हैं और यदि सरकार पर्यटन व अन्य क्षेत्रों के विकास के लिए कोई वृत्तचित्र बनाने की योजना बना रही है तो उसमें उन्हें अपनी आवाज देने या उसका चेहरा बनने में खुशी होगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमिताभ बच्चन के पास राज्य का ब्रांड एंबेस्डर बनने का प्रस्ताव भेजा था जिसे उन्होंने तुरंत ही स्वीकार कर लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications