पाकिस्तान के साथ 'सार्थक' संबंधों के लिए भारत तैयार: पाटील
नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने कहा है कि पाकिस्तान के साथ भारत सार्थक संबंधों के लिए तैयार है बशर्ते वह अपनी जमीन से भारत विरोधी आतंकवादी गतिविधियों पर काबू पाने के गंभीर प्रयास करे।
बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए पाटील ने कहा, "अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों को रोकने के लिए प्रभावशाली कदम उठाता है तो हम उसके साथ सार्थक संबंधों की संभावनाएं तलाशने के लिए तैयार हैं।"
राष्ट्रपति का यह बयान उस समय आया है कि जब दोनों देश सचिव स्तर की वार्ता करने जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि नवंबर, 2008 में मुंबई पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय वार्ता स्थगित कर दी थी। परंतु़ अब दोनों देश 25 फरवरी को नई दिल्ली में सचिव स्तर की वार्ता के लिए तैयार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications