नगर निगम के स्कूल के भवन का शिलान्यास
नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के वित्त और शहरी विकास मंत्री अशोक कुमार वालिया और पूर्वी दिल्ली के सांसद संदीप दीक्षित ने शनिवार को विकास मार्ग पर नगर निगम प्राथमिक स्कूल के नए भवन का शिलान्यास किया।
इस मौके पर डॉक्टर वालिया ने अपने संबोधन में कहा, "पूर्वी दिल्ली का विकास जारी रहेगा और यहां सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं दिलाई जाएंगी। फ्लाईओवर, मेट्रो और खेल गांव बन जाने से इस इलाके को अलग पहचान मिली है।"
दीक्षित ने इस मौके पर कहा कि देश में स्कूलों की रैंकिंग में पहले 10 स्थानों में शामिल दिल्ली के चार स्कूल इस बात के सूचक हैं कि राजधानी में शिक्षा में प्रगति हुई है।
पूर्वी दिल्ली के ललिता पार्क में बनने वाले दो मंजिले स्कूल के निर्माण में 95 लाख रुपये की लागत आएगी और यह एक वर्ष में बनकर तैयार हो होगा। इस भवन में दोनों तलों पर तीन-तीन कमरे बनाए जाएंगे।
एक अन्य समारोह के दौरान डॉक्टर वालिया और संदीप दीक्षित ने गरीब महिलाओं को सिलाई मशीनें और तीन विकलांगों को तिपहिया साइकिलें वितरित कीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications