तालेबान नेता के भाई की मौत

पाकिस्तान के खुफ़िया अधिकारियों का कहना है कि अमरीकी मिसाइल हमले में एक वरिष्ठ तालेबान कमांडर के भाई की मौत हो गई है.
जानकारी के मुताबिक मोहम्मद हक़्क़ानी के घर को निशाना बनाकर किए गए हमले में उनकी और दो अन्य विदेशियों की मौत हो गई है.
मोहम्मद हक़्क़ानी तालेबान के एक बड़े कमांडर, सिराज हक़्क़ानी के भाई थे जो कि हक़्क़ानी मिलिटेंट नेटवर्क के ज़रिए तालेबान समर्थक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं.
हमला उत्तरी वज़ीरिस्तान के दंते दरपा खेल इलाक़े में हुआ है जहाँ मोहम्मद हक़्क़ानी का घर था. यह इलाक़ा अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगा हुआ है.
अमरीकी सेना ने इस घर को निशाना बनाकर हमला किया जिसमें सिराज के भाई की मौत हो गई.
उत्तरी वज़ीरिस्तान का यह इलाका लंबे समय से तालेबान समर्थक चरमपंथियों के लिए छिपने की जगह बनता रहा है.
यहाँ सीमा पार से इन तालेबान समर्थक चरमपंथियों को पाकिस्तान में उनकी गतिविधियों के लिए मदद भी मिलती रही है.
अधिकारियों ने बताया है कि हमला अफ़ग़ानी तालेबान कमांडर सिराज को निशाना बनाकर किया गया था.
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वो इस हमले की चपेट में आया है या नहीं. यह भी स्पष्ट नहीं है कि क्या वो घायल हुआ है.












Click it and Unblock the Notifications