भारत-पाक वार्ता के न टलने पर अमेरिका ने खुशी जताई
वाशिंगटन, 19 फरवरी (आईएएनएस)। पुणे विस्फोट का भारत और पाकिस्तान के बीच 25 फरवरी को प्रस्तावित सचिव स्तर की वार्ता पर विपरीत प्रभाव न पड़ने पर अमेरिका ने खुशी जताते हुए दोनों देशों के संबंधों को दक्षिण एशिया में स्थिरता के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण करार दिया है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता फिलिप जे. क्राउले ने गुरुवार को कहा, "हम इस बात से उत्साहित हैं के भारत में हुए जघन्य हमले के बावजूद पाकिस्तान के साथ होने वाली महत्वपूर्ण वार्ता नहीं टली है।"
उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि इससे पता चलता है कि हम सभी अपनी ओर से गतिशील हैं। यहां बहुत सारी चीजें हैं जो उत्साह बढ़ाने वाली हैं। परंतु मैं नहीं मानता कि हम अभी उस पड़ाव पर पहुंचे हैं जहां जीत का ऐलान किया जा सके।"
क्राउले ने कहा, "हम मानते हैं कि दक्षिण एशिया में स्थिरता के लिए दोनों देशों के संबंध महत्वपूर्ण हैं। हम दोनों पक्षों के नेताओं की ओर से दिखाए गए राजनीतिक उत्साह से खुश हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications