सभी को पाक में 42 आतंकवादी शिविर होने की जानकारी है : एंटनी
पणजी, 19 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के साथ अगले सप्ताह की प्रस्तावित सचिव स्तर की वार्ता से पहले रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने कहा कि सभी लोग जानते हैं कि सीमा पार 42 आतंकवादी शिविर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि वार्ता के नतीजे के बारे में अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी।
एंटनी यहां नौसेना में लड़ाकू विमान मिग-29 को शामिल किए जाने के समारोह में आए थे। इस समारोह से अलग उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के साथ वार्ता का फैसला सोच-विचार कर किया गया है। उनके विदेश सचिव आ रहे हैं। यह कहना जल्दबाजी होगी कि इस बातचीत का नतीजा क्या रहेगा। मैं ज्योतिषी नहीं हूं।"
रक्षा मंत्री ने कहा, "सभी जानते हैं कि सीमापार 42 आतंकवादी शिविर हैं। सीमा पार से घुसपैठ के प्रयास बढ़े हैं। आतंकवादी बहुत सक्रिय हैं और यही हमारे लिए चिंता की बात भी है।"
उल्लेखनीय है कि नवंबर, 2008 में मुंबई पर आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सामूहिक वार्ता स्थगित कर दी थी। परंतु़ अब दोनों देश 25 फरवरी को नई दिल्ली में सचिव स्तर की वार्ता के लिए तैयार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications