भाजपा चाहे राम मंदिर मुद्दा फिर गर्माए

भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन गुरुवार को राष्ट्रीय परिषद को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि भाजपा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए कृतसंकल्प है। यह मंदिर भाजपा की आत्मा है, इसके लिए राष्ट्रीय आंदोलन भी चलाया गया था, वर्तमान में यह मामला न्यायालय मे लंबित है, लेकिन इस मुद्दे का कोई संतोषजनक हल निकलता दिखाई नहीं देता।
इसी के साथ गडकरी ने देश के मुसलमानों से अपील की कि मुसलमान भाई हिंदुओं की भावनाओं का सम्मान कर सह्दयता का परिचय दे और थोड़ी सी जमीन छोड़कर मंदिर निर्माण में मदद करें। ऐसा होने से देश मे नए भाईचारे का सूत्रपात होगा। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि अन्य स्थान पर भव्य मस्जिद बनाने में मदद की जाएगी।
गडकरी ने एक बार फिर कांग्रेस पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि उनके न तो पिता और न ही नाना-नानी देश के प्रधानमंत्री रहे हैं, वह तो महज एक कार्यकर्ता थे और राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है। बाकी पार्टियों में तो नेता का बेटा ही अध्यक्ष बनता है। उन्होंने कहा कि देश में 1000 पार्टियां है, 50 प्रमुख दल हैं जिनमें भाजपा सहित सिर्फ पांच दल ही ऐसे हैं जहां घरानाशाही नहीं है। बाकी में तो नेता का बेटा ही अध्यक्ष होता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications