पुणे विस्फोट के मृतकों की संख्या 11 हुई
पुणे । पुणे में शनिवार को हुए बम विस्फोट में घायल दिल्ली के एक छात्र आदित्य जयप्रकाश मेहता का बुधवार सुबह एक अस्पताल में निधन हो गया। पुणे पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी के मुताबिक 24 वर्षीय आदित्य शहर के एक इंजीनियरिंग कॉलेज भारतीय विद्यापीठ में फाइनल इयर का छात्र था।
अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह चार बजे यहां के जहांगीर अस्पताल में आदित्य की मौत हो गई। आदित्य के रिश्तेदार पहले ही दिल्ली से यहां पहुंच चुके थे और उन्हें शव सौंप दिया गया। इसके साथ ही पुणे की जर्मन बेकरी में हुए आतंकवादी विस्फोट में मरने वालों की संख्या 11 हो गई है। नौ लोगों की विस्फोट के दिन ही मौत हो गई थी जबकि डीवाई पाटील कॉलेज के एक घायल छात्र की मंगलवार को मृत्यु हुई थी।
विस्फोट में घायल हुए कम से कम 37 लोगों का अब भी शहर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पुणे बम विस्फोट में इस्तेमाल में लाया गया बम आरडीएक्स और अमोनियम नाइट्रेट के मिश्रण से बना था। विस्फोट में 57 लोग घायल हुए थे। कोरेगांव पार्क स्थित जर्मन बेकरी में वेलेंटाइन्स डे की शाम हुए बम विस्फोट के समय काफी भीड़ थी।













Click it and Unblock the Notifications