सघनता से तलाशे जा रहे हैं नक्सली
पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक भूपिंदर सिंह ने कहा कि हम नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी रखेंगे। इलाके में असामान्य शांति फैली है और दुकानें तथा बाजार बंद हैं। संयुक्त बलों के इलाके में पहुंचने के बाद सड़कों पर बमुश्किल ही कोई व्यक्ति या वाहन दिखा।
केंद्रीय बल सोमवार रात को घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। बाद में उन्होंने शिल्दा पुलिस शिविर की आग को बुझाया। नक्सलियों ने हमले के बाद शिविर में आग लगा दी थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बम निरोधक दस्ता इस समय बारूदी सुरंग रोधी वाहनों की मदद से तलाशी अभियान चला रहा है। शिल्दा और आसपास के इलाकों में गश्त जारी है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को करीब 60 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के शिविर पर धावा बोला था। हमले के बाद से कई सुरक्षाकर्मी लापता हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार नक्सली वैन और दोपहिया वाहनों में सवार होकर वहां आए थे और शिविर पर हमला करने के बाद उसमें आग लगा दी। सूत्रों के अनुसार शिविर में 51 सुरक्षाकर्मी थे। नक्सली शिविर से हथियार लूटने में भी सफल रहे।
कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने कहा, "राज्य सरकार को और अधिक चौकस रहना चाहिए, क्योंकि कानून और व्यवस्था बनाए रखना उसकी जिम्मेदारी है।" उन्होंने कहा कि एक सभ्य समाज में हिंसा का कोई स्थान नहीं होता। अहमद ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर काम करना होगा।













Click it and Unblock the Notifications