राजस्थान में इस बार माध्यमिक परीक्षाओं में होंगे चुनाव जैसे इंतजाम
बोर्ड ने नकल के लिए कुख्यात रहे आधा दर्जन जिलों को पहली बार अतिसंवेदनशील मानते हुए वहां विशेष निरीक्षक तैनात करने के साथ ही वहां परीक्षा कार्यो की वीडियोग्राफी कराने का निणर्य लिया है। बोर्ड की कोशिश है कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों के बजाए दूसरी सेवाओं के अधिकारियों को निरीक्षक बनाया जाए ताकि निगरानी में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आए।
उपायों के तहत इस बार निजी स्कूलों में प्रश्न-पत्र रखने पर भी रोक लगाई जा रही है। पूर्व में प्रश्न-पत्र लीक होने की ज्यादातर घटनाएं निजी स्कूलों में ही हुईं थी। बोर्ड निजी स्कूलों के शिक्षकों को परीक्षा कार्य से संबंधित ज्यादा महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने के पक्ष में भी नहीं है।
राज्य के शिक्षा मंत्री मास्टर भंवरलाल मेघवाल ने मंगलवार को बोर्ड अधिकारियों के साथ परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
मेघवाल ने बताया कि विशेष निरीक्षक उन एकल केन्द्रों पर तैनात किए जाएंगे जहां नकल विरोधी उड़न दस्तों का पहुंचना संभव नहीं हो पाता है। राज्य भर में ऐसे साठ केन्द्र हैं।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इसके अलावा ऐसे अतिसंवेदनशील जिलों की सूची तैयार की है जहां तमाम उपायों के बावजूद भी नकल पर काबू पाना मुश्किल रहा है। इन जिलों में सीकर, दौसा, नागौर, सवाईमाधोपुर और करौली जिलों को शामिल किया गया है। इन जिलों में सभी परीक्षा केन्द्रों की वीडियाग्राफी कराई जाएगी। इसके आधार पर बाद में भी कार्रवाई करना आसान हो सकेगा।
मेघवाल ने बताया कि चिह्न्ति परीक्षा केन्द्रों पर नियुक्त होने वाले विशेष निरीक्षक शिक्षा विभाग के अतिरिक्त अन्य सेवाओं के अधिकारी होंगे। वे परीक्षा प्रारम्भ होने से समाप्ति तक निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट जिला कलेक्टर व माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष को गोपनीय रूप से देंगे।
पिछले वर्ष के समान प्रश्न-पत्र लीक होने जैसी घटनाओं की किसी भी सूरत मे पुनरावृत्ति न हो पाए इसके लिए इस बार परीक्षा में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला परीक्षा संचालन समिति का गठन किया जाएगा और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे।
राज्य में इस बार बोर्ड परीक्षाएं 18 मार्च से शुरू होंगी। उच्च माध्यमिक परीक्षा में 14 लाख 80 हजार 679 परीक्षार्थी 4404 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा दे सकेंगे। पिछले साल के मुकाबले इस साल 21,838 परीक्षार्थी बढ़े हैं। इस बार 3,487 परीक्षा केन्द्रों के प्रश्नपत्र थानों पर, 825 परीक्षा केन्द्रों के प्रश्न पत्र एकल परीक्षा केन्द्रों पर और 144 परीक्षा केन्द्रों के प्रश्न पत्र नोडल केन्द्रों पर रखे जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications