पुणे विस्फोट में मारे गए अभिषेक को दी गई श्रद्धांजलि
अभिषेक का शव बुधवार सुबह लखनऊ लाया गया था, जहां दोपाहर बाद गोमती नदी के किनारे स्थित भैंसाकुंड शवदाह गृह में उसका अंतिम संस्कार किया गया। सैकड़ों की संख्या में वहां मौजूद लोगों ने अश्रुपूर्ण विदाई दी।
लखनऊ के महानगर इलाके में रहने वाला अभिषेक पुणे के डी. वाई, पाटिल इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। बचपन में ही उसके सिर से पिता का साया हट गया था। वर्ष 1994 में कैंसर की बीमारी से अभिषेक के पिता की मृत्यु हो गई थी। उसकी परवरिश उसकी मां निधि सक्सेना ने की, जिन्हें पिता की मृत्यु के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा में नौकरी मिल गई थी।
अभिषेक के चाचा आलोक सक्सेना ने संवाददाताओं को बताया कि उनकी भाभी बड़ी उत्सुकता से उस दिन का इंतजार कर रही थीं जब अभिषेक इंजीनियर बने। जो घटित हुआ उसे उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शनिवार को अभिषेक अपने कुछ दोस्तों के साथ पुणे स्थित जर्मन बेकरी गया था। बम विस्फोट में उसे गंभीर चोटें आई थीं। मंगलवार को उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications