भाजपा के संविधान में संशोधन होगा : जावड़ेकर
भाजपा के तीन दिवसीय अधिवेशन के पहले दिन दूसरे सत्र का ब्योरा देते हुए जावड़ेकर ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 19 राज्यों में पार्टी की चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शेष 11 राज्यों में 31 मार्च तक चुनाव प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सहित राजस्थान, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ एवं उत्तराखंड मे पार्टी की सदस्य संख्या में 20 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के बढ़ते कार्य विभाजन को देखते हुए पार्टी के संविधान में संशोधन करने का निर्णय लिया गया है। इस प्रस्ताव को गुरुवार को पार्टी की राष्ट्रीय परिषद में पेश किया जाएगा। संशोधन के जरिए पदाधिकारियों की संख्या में इजाफा होगा, साथ ही चुनाव प्रक्रिया को और सरल बनाया जाएगा।
जावड़ेकर ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो चुनाव में सुधार की बात करती है और उसने पार्टी के भीतर भी सुधार की प्रक्रिया को अपनाया है।
बैठक में आए प्रस्ताव में महंगाई पर चिंता जताई गई। इस प्रस्ताव का जिक्र करते हुए जावड़ेकर ने कहा कि देश में मूल्यवृद्धि की वजह वायदा बाजार है, जिसके जरिए 17 लाख करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है, इसके जरिए सट्टेबाजों ने 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक कमाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications