अहमदाबाद व पुणे विस्फोटों के जुड़े हुए हैं तार
अहमदाबाद विस्फोट में संलिप्तता के लिए गिरफ्तार अकबर चौधरी सूरत में विस्फोटक लगाने के मामले का भी प्रमुख संदिग्ध है। वह मोहसिन चौधरी का भाई है, जो कि पुणे विस्फोट के प्रमुख संदिग्ध के रूप में सामने आया है। दोनों पुणे के रहने वाले हैं।
अहमदाबाद में 26 जुलाई को हुए विस्फोटों के सिलसिले में गुजरात पुलिस के लिए वांछित 34 लोगों की सूची में मोहसिन भी शामिल है। अहमदाबाद विस्फोटों में 60 लोग मारे गए थे। पुलिस अधिकारियों का आरोप है कि वह भटकल बंधुओं (इकबाल और रियाज) के साथ करीब से जुड़ा हुआ है।
लश्कर-ए-तैयबा के कार्यकर्ता भटकल बंधु, डेविड हेडली और तहव्वुर राणा के साथ मिल कर काम कर रहे थे। ये सभी अहमदाबाद विस्फोट मामले के अति वांछितों की सूची में शामिल हैं।
पुलिस के एक सूत्र ने कहा कि राणा और उसकी पत्नी सामराज अख्तर नवंबर 2008 में अहमदाबाद के एक होटल में दो दिनों तक रुके हुए थे। उस दौरान दोनों ने 2002 के दंगा पीड़ितों को लश्कर कार्यकर्ताओं के रूप में भर्ती करने का प्रयास भी किया था।
इकबाल भटकल ने पिछले वर्ष अगस्त और सितंबर महीने के बीच अहमदाबाद का दौरा किया था। सुरक्षा एजेंसियों ने इस वर्ष उसके मोबाइल फोन का 16 अंकों वाला आईएमईआई नंबर ढूढ़ निकाला है।
अकबर चौधरी फिलहाल अहमदाबाद की साबरमती जेल में कैद है। दूसरी ओर गुजरात पुलिस के आतंक निरोधी दस्ते (एटीएस) का एक दल इन दिनों पुणे में है।
पुणे, प्रतिबंधित स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) का एक प्रमुख गढ़ माना जाता है। आतंकी हमले का विश्लेषण कर रहे उच्च पदस्थ सूत्रों का मानना है कि साबरमती जेल में कैद पुणे निवासियों से पुणे विस्फोट के सिलसिले में फिर से पूछताछ की जानी चाहिए।
सूत्रों ने कहा है कि अकबर चौधरी खुद इस मामले में कोई सूराग दे सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications