पाकिस्तान के साथ वार्ता में आतंकवाद प्रमुख बिंदु : कृष्णा
कृष्णा ने एक समाचार चैनल से कहा, "देश को इस बात को गलत रूप में नहीं लेना चाहिए कि समग्र वार्ता फिर से आरंभ हो रही है। भारत के दृष्टिकोण से उचित कारणों से बातचीत को स्थगित किया गया था। जो मुद्दा हमने पाकिस्तान के साथ उठाया था उस पर पाकिस्तान की ओर से अब भी गंभीर कदम उठाया जाना बाकी है।"
उन्होंने कहा कि वे नहीं जानते कि बातचीत के दौरान पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर कौन से मुद्दे उठाएंगे। परंतु भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव की ओर से बातचीत का प्रमुख बिंदु आतंकवाद ही रहेगा।
कृष्णा ने कहा, "हमने सोचा कि आतंकवाद के गंभीर मुद्दे को लेकर पाकिस्तान के साथ वार्ता करना जरूरी है।" इस प्रस्तावित वार्ता की विपक्ष द्वारा की जा रही आलोचना पर कृष्णा ने कहा, "अगर विकल्प के रूप में बेहतर सुझाव दिए जाते हैं तो सरकार उन विकल्पों पर विचार करने के लिए तैयार है। परंतु अगर विपक्ष अपनी स्थिति के अनुसार सुझाव देता है तो सरकार उन पर गौर करने की इच्छुक नहीं है।"
उल्लेखनीय है कि नवंबर, 2008 में मुंबई पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय समग्र वार्ता को स्थगित कर दिया था। परंतु़ अब दोनों देश 25 फरवरी को नई दिल्ली में सचिव स्तर की वार्ता के लिए तैयार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications