रूसी सेना प्रमुख ने ईरान पर हमले के खिलाफ अमेरिका को चेताया
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार रूसी सेना प्रमुख, निकोलाई माकारोव ने कहा, "मैं मानता हूं कि इसका परिणाम ईरान, रूस और पूरे एशिया प्रशांत क्षेत्र के लिए घातक होगा।"
रूसी सेना प्रमुख का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब दुनिया की ताकतें ईरान पर इस बात के लिए दबाव बना रही हैं कि या तो वह अपने अनुसंधान रिएक्टरों के लिए दूसरे देशों में परमाणु संवर्धन हेतु संयुक्त राष्ट्र द्वारा तैयार किए गए समझौते को स्वीकार करे या नए सख्त प्रतिबंधों का सामना करे।
अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय ह्वाइट हाउस ने बार-बार कहा है कि वह ईरान की परमाणु आकांक्षाओं से निपटने के लिए सैन्य कार्रवाई सहित किसी भी विकल्प के इस्तेमाल से इंकार नहीं करता।
मार्कोव ने सुझाव दिया कि वाशिंगटन पहले इराक और अफगानिस्तान में अपना अभियान पूरा कर ले, उसके बाद ईरान पर सैन्य कार्रवाई के बारे में सोचे।
ज्ञात हो कि रूस का ईरान के साथ मजबूत व्यापारिक रिश्ता है, और इसी कारण उसने ईरान पर नए प्रतिबंधों के मामले में पहले उदासीनता दिखाई थी। लेकिन ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षा को रोकने के लिए पश्चिमी देशों के हाल के आह्वान में रूस भी शामिल हो गया है, क्योंकि अब उसे डर लगने लगा है कि ईरान कहीं परमाणु हथियार न विकसित कर ले।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications