भाजपा अधिवेशन की सुरक्षा में एक साथ लगे हैं सपेरे और सशस्त्र जवान
भाजपा के अधिवेशन के लिए इंदौर शहर से बाहर कुशाभाऊ ठाकरे नगर बसाया गया है। यह नगर इंदौर बायपास पर वीरान पड़े इलाके में बसाया गया। अधिवेशन में पहुंचे भाजपा नेताओं और प्रतिनिधियों के ठहरने के लिए तंबू लगाए गए हैं। ये तंबू आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं मगर जमीन कच्ची होने के कारण लगातार सांप निकल रहे हैं। इन सांपों को पकड़ने के लिए सपेरे तैनात किए गए हैं।
आयोजन स्थल पर तैनात किए गए संपेरे अब तक कई सांपों को पकड़ चुके हैं। फिर भी सांपों का खतरा बना हुआ है। इसलिए सपेरों को सतर्क रहने को कहा गया है।
पुणे में हुए आतंकी हमले के बाद इंदौर को अति संवेदनशील माने जाने के बाद जगह-जगह हथियारबंद जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस के जवानों, आतंकवाद निरोधक दस्ते, बम निरोधी दस्ते और खोजी कुत्तों को जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इतना ही नहीं इंदौर की सभी प्रमुख सड़कों और चौराहों पर पुलिस के जवान तैनात हैं जो गुजरने वाले वाहनों की तलाशी ले रहे हैं।
गौरतलब है कि इंदौर और पूरा मालवा अंचल प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) का गढ़ रहा है। सिमी के कई कार्यकर्ता यहां पकड़े भी जा चुके है। इसलिए पुणे में हुए विस्फोट के बाद यहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications