चिदंबरम ने दिया खिलाड़ियों को सुरक्षा का भरोसा (लीड-1)
जम्मू, 17 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने हॉकी विश्व कप और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए भारत आने वाले सभी खिलाड़ियों को सुरक्षा का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को किसी भी सूरत में मनमानी नहीं करने दी जाएगी।
आतंकवादी संगठन हरकत-उल-जेहाद-इस्लामी (हूजी) की ओर से विदेशी खिलाड़ियों को निशाना बनाने की धमकी दिए जाने से जुड़े सवाल पर चिदंबरम ने बुधवार को कहा, "खिलाड़ियों को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।"
पाकिस्तान में हूजी के एक स्वयंभू कमांडर ने बीते सोमवार को एक वेबसाइट को भेजे संदेश में भारत आने वाले विदेशी खिलाड़ियों पर हमले की धमकी दी थी। जम्मू पहुंचे चिदंबरम ने कहा, "हम किसी को भी अपनी मनमानी करने की इजाजत नहीं देंगे।"
चिदंबरम जम्मू एवं कश्मीर के एक दिन के दौरे पर हैं। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से आतंकवादियों के लौटने और उनके पुनर्वास से जुड़े प्रस्ताव के बारे में चर्चा की। इस मामले पर उन्होंने कहा, "हमने इस नीति के संबंध में केंद्र से एक मसौदा तैयार करने के लिए कहा है।'
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications