राहुल गांधी और न्यूजीलैंड के नेता ने सुरक्षा मसले पर की चर्चा
समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हैराल्ड' के बुधवार को प्रकाशित अंक के मुताबिक लेबर पार्टी के विदेशी मामलों के प्रवक्ता क्रिस कार्टर ने कहा कि मंगलवार रात उन्होंने गांधी के साथ सुरक्षा स्थितियों पर चर्चा की और उन्हें लगता है कि भारत खतरों के प्रभाव के प्रति बेहद जागरूक है और उसने सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सभी संभव उपाय किए हैं।
कार्टर ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारतीय अधिकारी स्थितियों से अच्छी तरह से निपट सकते हैं।
दिल्ली में 28 फरवरी से शुरू होने जा रहे हॉकी विश्व कप में न्यूजीलैंड की टीम के शामिल होने के निर्णय पर कार्टर ने कहा कि उनका शुरूआती विचार था कि न्यूजीलैंड की टीम को भारत जाना चाहिए और यदि वे नहीं जाते हैं तो इसका मतलब है कि वे आतंकवादियों के सामने हार मान रहे हैं।
'न्यूजीलैंड हैराल्ड' के मुताबिक कार्टर ने कहा, "मुझे लगता है कि हमारी सरकार और खेलकूद निकायों को भारत सरकार के साथ मिलकर काम करने की जरूरत है ताकि वे खुद को, अपने खेल से जुड़े लोगों को और न्यूजीलैंड के किसी भी पर्यटक को आश्वस्त कर सकें कि लोगों की सुरक्षा के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं।"
राहुल गांधी एक कोष 'सर एडमंड हिलेरी फेलो' के उद्घाटन के लिए न्यूजीलैंड पहुंचे हैं। दोनों देशों और नेपाल के बीच संबंधों को मजबूती देने में दिए गए माउंट एवरेस्ट के विजेता के योगदान को मान्यता देने के लिए यह कोष शुरू किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications