जैव संरक्षक दूत बनेंगे नवोदय विद्यालय के छात्र
भोपाल, 15 फरवरी (आईएएनएस)। जैव संपदा के महत्व को बताने और संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए मध्य प्रदेश के नवोदय विद्यालयों में पढ़ने वाले 20 हजार छात्रों को जैव संरक्षक दूत बनाया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत भोपाल के रातिबड़ स्थित नवोदय विद्यालय से की गई।
जैव विविधता बोर्ड ने अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता वर्ष 2010 में जैव संपदा को संरक्षित रखने के लिए बच्चों का सहारा लेने की योजना बनाई है। इसके लिए नवोदय विद्यालयों को चुना गया है। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि इन विद्यालयों के बच्चे ग्रामीण परिवेश से आते हैं और उन्हें गांव में विकसित हो रही जैव विविधता के महत्व से आसानी से अवगत कराया जा सकता है।
नवोदय विद्यालयों के छात्रों को जैव संरक्षक दूत बनाने के अभियान की शुरुआत रातिबड़ नवोदय विद्यालय से हुई। इस मौके पर जैव विविधता पर केंद्रित कार्यशाला, नाटक, क्विज, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अभियान के तहत तय किया गया कि आगामी शिक्षा सत्र में छठी कक्षा में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं से दुर्लभ प्रजाति के पौधे लगवाए जाएंगे। इन पौधों को संरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी बच्चों को ही सौंपी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications