छूट चाहते हैं? बस कीजिए लॉग इन!
शिल्पा रैना
नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। छूट की पेशकश करने वाले रेस्तरां या स्पा पार्लरों के लिए आपका इंतजार समाप्त हुआ। अब कुछ ऑनलाइन पोर्टल आपकी जेब के अनुकूल रेस्तरां या स्पा की जानकारी आप तक पहुंचा रहे हैं।
अमेरिकी वेबसाइट 'ग्रुपऑन डॉट कॉम' और ऑनलाइन पोर्टल 'स्नैपडील डॉट कॉम' व 'माईडाला डॉट कॉम' से इस तरह की जानकारियां पाई जा सकती हैं। इन वेबसाइट्स पर रेस्तरां, नृत्य कक्षाओं और स्पा पार्लरों में 80 प्रतिशत तक छूट की जानकारियां मिल जाती हैं।
'स्नैपडील डॉट कॉम' के सीईओ कुणाल बहल कहते हैं कि विभिन्न वस्तुओं पर कहां कितनी छूट चल रही है यह जानने के लिए लोग अधिक समय खर्च करना नहीं चाहते। इसलिए इस तरह के ऑनलाइन पोर्टल उनकी मदद करते हैं।
बहल ने आईएएनएस से कहा कि आजकल लोग नई-नई जगहों पर नई-नई चीजों का लुत्फ लेना चाहते हैं साथ ही वे यह भी चाहते हैं कि यह सब उनकी जेब के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद लोगों को कम दाम में बेहतर वस्तुएं और सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा, "हमारा प्रयास खरीददारों और विक्रेताओं को सहयोगात्मक रूप से करीब लाना है। वेबसाइट के जरिए उपभोक्ताओं को अच्छी और किफायती वस्तुएं या सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं जबकि व्यापारियों को नए उपभोक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं।"
यह वेबसाइट फरवरी में शुरू हुई है और इसके जरिए पूरे देश में एक दिन में एक पेशकश की जाती है।
पोर्टल के जरिए रेस्तरां, बड़ी ब्रांड्स की वस्तुओं की खरीददारी, सौंदर्य या स्वास्थ्य के लिए, जीवनशैली से संबंधित उत्पादों में, यात्रा या मनोरंजन में 80 प्रतिशत तक की छूट मिल जाती है। जबकि इससे जुड़े व्यापारियों को ऐसे ग्राहक मिल जाते हैं जो उन पर भरोसा करने लगते हैं और आगे चलकर बिना किसी छूट के भी उनके उत्पादों या सेवाओं के उपभोग के लिए तैयार रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications