बाघिन के हमले में किशोरी की मौत
लखनऊ, 15 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कतर्निया घाट वन्यजीव विहार के निकट एक गांव में बाघिन के हमले से एक किशोरी की मौत हो गई और उसकी दो सहेलियां घायल हो गईं।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, विशुनपुर गांव की गुड़िया (16) अपनी दो सहेलियों के साथ रविवार शाम लकड़ियां बीनने गई थी, तभी बाघिन ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में गुड़िया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दोनों सहेलियां घायल हो गईं, जिन्हें बहराइच के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रशासन की तरफ से मृतक किशोरी के परिजनों को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
बाघिन के हमले के बाद आस-पास के ग्रामीण दहशत में हैं। प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) आर. के. सिंह ने सोमवार को आईएएनएस को बताया, " हमने ग्रामीणों को अकेले खेतों में न जाने की हिदायत दी है। कहा है कि वे लोग झुंड में लाठी-डंडों से लैस होकर ही बाहर निकलें। "
उन्होंने कहा कि बाघिन को पकड़ने के लिए इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग की पांच टीमें इसमें जुटी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कतर्निया घाट वन्यजीव विहार में करीब 55 बाघ हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications