'स्वाइन फ्लू से संबंधित भारतीय आंकड़े अपर्याप्त'
बेंगलुरू, 15 फरवरी (आईएएनएस)। देश के एक प्रमुख स्वास्थ्य विशेषज्ञ का कहना है कि स्वाइन फ्लू से संबंधित भारतीय आंकड़े अपर्याप्त हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि देश में स्वाइन फ्लू का प्रसार फिर बढ़ सकता है।
नई दिल्ली के इंटरनेशनल सेंटर फॉर जेनेटिक इंजीनियरिंग एंड बॉयोटेक्नोलॉजी (आईसीजीईबी) के विषाणु मामलों के विशेषज्ञ शाहिद जमील ने कहा, "हालांकि देश में 28,000 से अधिक स्वाइन फ्लू मामलों की पुष्टि हो चुकी है और 1,152 लोगों की मौत हो चुकी है लेकिन इसके बढ़ते प्रसार पर कोई अध्ययन नहीं हुआ है।"
विज्ञान पत्रिका 'करंट साइंस' के ताजा अंक में जमील ने इस संबंध में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "स्वाइन फ्लू के आबादी पर पड़ने वाले जोखिम के बारे में हम नहीं जानते। वैश्विक अनुपात की तुलना में हमारे यहां मृत्युदर तीन से चार गुणा अधिक है।"
जमील का कहना है कि हमारे पास स्वाइन फ्लू से संबंधित विषाणुओं के प्रसार को लेकर कोई भी आंकड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे बीमारी के प्रसार के बारे में अध्ययन करने में समस्याएं आती हैं।
जमील ने कहा कि बीमारियों के अध्ययन के लिए देश में भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद है लेकिन शर्म की बात है कि वहां स्वाइन फ्लू के प्रसार को लेकर कोई भी आंकड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आंकड़ों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए ताकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों को अध्ययन करने में परेशानी नहीं आए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications