पुणे विस्फोट का हेडली से संबंध : गृह सचिव
नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह सचिव जी. के. पिल्लै ने सोमवार को कहा कि शनिवार को पुणे में हुए विस्फोट का संबंध लश्कर ए तैयबा के संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली द्वारा इलाके की, की गई जासूसी है और सरकार उसके पास पहुंचने की कोशिश कर रही है।
समाचार चैनल एनडीटीवी से बातचीत में पिल्लै ने कहा, "पुणे विस्फोट की जांच शुरुआती चरण में है। हम हेडली तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। हम इसमें विदेशी हाथ होने की पुष्टि या इसे खारिज नहीं कर सकते।"
उन्होंने कहा, "हेडली का संबंध है। यह ओशो आश्रम से काफी करीब है। हमें इस बारे में पता नहीं कि इसे किसने अंजाम दिया। हमें कुछ और दिनों की जरूरत है। जांच जारी है।"
गृह सचिव ने एक अन्य समाचार चैनल सीएनएन-आईबीएन को दिए साक्षात्कार में कहा कि इंडियन मुजाहिदीन के गिरफ्तार सदस्यों ने खुलासा किया था कि उन्होंने हेडली द्वारा तैयार पुणे के ओशो आश्रम का वीडियो देखा था।
पिल्लै ने कहा, "इसमें कोई संदेह नहीं कि इन सभी गतिविधियों का षडयंत्र देश से बाहर रचा गया लेकिन जहां तक पुणे विस्फोट का सवाल है तो मैं खुलासा करने से पहले जांच का इंतजार करूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications