न्यूजीलैंड में भारतीय छात्रों की संख्या तीन गुना बढ़ी
हैमिल्टन, 15 फरवरी (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड में पढ़ाई करने के इच्छुक भारतीयों को जारी किए जाने वाले छात्र वीजा में पिछले पांच साल के दौरान तीन गुना की वृद्धि हुई है।
न्यूजीलैंड के आव्रजन विभाग के मुताबिक, वित्त वर्ष 2008-09 में भारतीयों के लिए 9,591 छात्र वीजा जारी किए गए, जबकि साल 2004-05 में यह संख्या 2,972 थी। वहीं, एक जुलाई 2009 से 31 जनवरी 2010 तक 5,544 भारतीय छात्रों के वीजा आवेदनों को मंजूरी दी गई।
न्यूजीलैंड की आव्रजन सूची में शामिल 194 देशों में चीन के बाद भारत दूसरे नंबर पर है।
भले ही चीन इस सूची में सबसे ऊपर हो लेकिन वहां से आने वाले छात्रों की संख्या पिछले चार सालों में 52,059 से घटकर 26,518 तक रह गई है।
एक भारतीय छात्र पारुल कहती हैं कि सर्वश्रेष्ठ शिक्षा प्रणालियों में एक होने, वीजा प्रक्रिया में कम समय लगने और छात्रों के लिए मददगार सेवाएं उपलब्ध होने की वजह से न्यूजीलैंड छात्रों को आकर्षित करता है।
एक आव्रजन सलाहकार रिचर्ड हॉवर्ड कहते हैं, "ऑस्ट्रेलिया में पिछले दिनों भारतीय छात्रों पर कई हमले हुए, वहीं ब्रिटेन ने उत्तर भारत के अपने तीन केंद्रों से वीजा आवेदन स्वीकार करने पर अस्थाई रोक लगा दी। इन कारणों से भारत से छात्र वीजा के आवेदनों की संख्या इस साल और भी बढ़ सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications