सज्जन कुमार की जमानत याचिका का सीबीआई ने किया विरोध
नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े दो मामलों में आरोपी कांग्रेस नेता सज्जन कुमार की अग्रिम जमानत याचिका का सोमवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विरोध किया।
सीबीआई ने कहा कि यदि उन्हें अग्रिम जमानत मिल गई तो वह गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं।
सज्जन कुमार के पक्ष में उनके वकील आई. यू. खान ने तर्क दिया कि यह मामला कई वर्षो से चल रहा है लेकिन याचिकाकर्ता (सज्जन) ने कभी भी गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश नहीं की।
उन्होंने कहा, "इस संबंध में सज्जन कुमार के खिलाफ कोई शिकायत तक दर्ज नहीं है।"
दूसरी ओर सीबीआई के वकील ने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और लोगों की भावनाओं से जुड़ा है।
वकील ने कहा, "यद्यपि कि सज्जन कुमार के खिलाफ कोई शिकायत नहीं है, लेकिन सच्चाई यह है कि गवाह डरे-सहमे हैं और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।"
सीबीआई ने उदाहरण दिया कि उसे इस मामले में एक गवाह का बयान दर्ज करने के लिए अमृतसर जाना पड़ा। "उनका जुर्म बहुत बड़ा है और इस अवस्था में यदि उन्हें जमानत दे दी जाती है तो जांच प्रभावित हो सकती है।"
दोनों पक्षों की जिरह सुनने के बाद अदालत ने अपना फैसला शाम चार बजे तक सुरक्षित रख लिया।
दिल्ली की एक अदालत ने इन मामलों में सज्जन कुमार व अन्य के खिलाफ गत एक फरवरी को नोटिस जारी किया था और उन्हें 17 फरवरी को अदालत में हाजिर होने को कहा था।
कुमार के खिलाफ गत 13 जनवरी को सीबीआई ने दो आरोप पत्र दाखिल किए थे। पहला आरोप पत्र दिल्ली छावनी इलाके में पांच लोगों की हत्या से संबंधित है जबकि दूसरा सुल्तानपुरी क्षेत्र में दंगों के दौरान हुई कई लोगों की हत्याओं से संबंधित है।
सीबीआई ने कुमार तथा अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप पत्र दाखिल किए थे, जिनमें हत्या, दंगे भड़काना और आपराधिक षडयंत्र रचने जैसे मामले शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के उपराज्यपाल तेजेंदर खन्ना ने पिछले दिनों 84 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों में कुमार के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दी थी। उनकी अनुमति के बाद ही सीबीआई ने कुमार के खिलाफ ये आरोप पत्र दाखिल किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications