नक्सलियों की मांग पर विचार कर रही है झारखण्ड सरकार
प्रखण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रशांत कुमार लायक को प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के चार हथियारबंद नक्सलियों ने पूर्वी सिंहभूम जिले के दलभूमगढ़ प्रखण्ड से अगवा कर लिया था।
राज्य सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "राज्य सरकार दो स्तर पर काम कर रही है। अधिकारी की सकुशल रिहाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ सरकार इस बात पर भी विचार कर रही है कि नक्सलियों की मांग को कैसे पूरा किया जाएगा। जेल में बंद नक्सलियों की रिहाई के लिए सरकार को कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा।"
गौरतलब है कि नक्सलियों ने बीडीओ की रिहाई की एवज में जेल में बंद सात सदस्यों की रिहाई की मांग की है।
उधर, नक्सली अगवा अधिकारी की पत्नी जूली पर लगातार दबाव डाल रहे हैं। नक्सलियों ने रविवार को जूली से बात कर मुख्यमंत्री शिबू सोरेन से मिलने और उनका संदेश उन तक पहुंचाने के लिए कहा। उसके बाद जूली रविवार रात अपनी चार वर्षीय बेटी के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी।
जूली ने नक्सलियों से अपनी पति की रिहाई की अपील करते हुए कहा, "मैने उनका संदेश मुख्यमंत्री तक पहुंचा दिया है। मैं अपनी और अपनी बेटी के खातिर उनसे अपने पति की सकुशल रिहाई की अपील करती हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications