कन्नड़ निर्देशक ने आत्महत्या का प्रयास किया
बेंगलुरू, 14 फरवरी (आईएएनएस)। कई सफल फिल्में बना चुके कन्नड़ फिल्मों के निर्देशक साई प्रकाश ने शनिवार को नींद की 20 गोलियां खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
ग्लोबल अस्पताल के डॉक्टर राजू ने बताया कि इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हैं।
आत्महत्या की कोशिश से पहले उन्होंने कई फिल्मी हस्तियों को एसएमएस किए, जिसमें उन्होंने लिखा कि उन्हें जिंदा रहने में कोई दिलचस्पी नहीं है क्योंकि आर्थिक तंगी की वजह से वह बहुत तनाव से गुजर रहे हैं।
साई प्रकाश ने एक एसएमएस कन्नड़ फिल्मों के निर्माता एवं निर्देशक जो सिमॉन को भी किया था, जिसमें उन्होंने संकेत दिया कि निर्माता एवं फाइनेंसर थाइगाराजू पैसे की वापसी को लेकर उन पर दबाव बना रहे हैं।
थाइगाराजू, साई प्रकाश की फिल्म 'देवारु कोट्टा थांगी' के वितरक थे।
आईएएनएस के साथ बातचीत में हालांकि थाइगाराजू ने पैसे की वापसी के लिए दबाव बनाने की बात से इंकार किया है। उन्होंने कहा, "मैं केवल पैसे वापस मांग रहा था क्योंकि मैं अपनी फिल्म 'उल्लासा उथासा' की रिलीज को लेकर दबाव में हूं।"
वहीं, सिमॉन ने कहा कि कर्ज चुकता करने के लिए साई प्रकाश अपना मकान और पांच अन्य संपत्तियां गिरवी रख चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications