उप्र में एक और नक्सली गिरफ्तार
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक(कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने रविवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि बिहार के कटिहार निवासी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी(माओवादी) के सक्रिय सदस्य राजेंद्र मुंडा को आज गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनि मंदिर के पास से नक्सली साहित्य, पम्पलेट और पर्चो के साथ गिरफ्तार किया गया।
बृजलाल के मुताबिक कानपुर, इलाहाबाद और गोरखपुर में बीते सप्ताह गिरफ्तार नक्सलियों से पता चला कि इनका एक सक्रिय साथी कानपुर में रहता है, जो आज गोरखपुर जेल में बंद अपनी बहन से मिलने जाएगा। इसी सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।
बीते सप्ताह एसटीएफ ने इलाहाबाद से दो, गोरखपुर से एक और कानपुर से 8 भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी(माओवादी) के सदस्यों को गिरफ्तार करने का दावा किया था, जिसमें से कानपुर से गिरफ्तार बलराज को एसटीएफ ने कुख्यात नक्सली कोबद गांधी का करीबी बताया था।
बृजलाल ने बताया कि राजेंद्र मुंडा ने पूछताछ में जानकारी दी कि वह बलराज का साला है। बलराज ने ही उसे कानपुर में किराये का कमरा दिला रखा था, जिसे उसने अड्डा बना रखा था। पार्टी के कार्य के संबंध में जब भी वह कानपुर आता था तो वहीं पर लोगों से मिला करता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications