पार्टी में मतभेद नहीं, कार्यकर्ता संवेदनशील : विजय चौधरी (लीड-1)
अध्यक्ष मनोनीत होने के बाद रविवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता विपक्षी दलों के क्रियाकलापों को देख रहे हैं और वे संवेदनशील बने हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में कोई मतभेद नहीं है।
उन्होंने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं से सहयोग मिलने की आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाला समय काफी चुनौतीपूर्ण है। इसी वर्ष विधानसभा चुनाव भी है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल का मुखड़ा बदला है और अब वे आंदोलन कर रहे हैं जबकि वे वही व्यक्ति हैं जो महंगाई के लिए जिम्मेदार हैं।
उन्होंने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और मजबूती नजर आएगा।
इससे पहले, जद-यू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने रविवार को चौधरी को पार्टी की बिहार इकाई का अध्यक्ष मनोनीत किया। चौधरी पूर्व में पार्टी प्रदेश समिति में महासचिव थे।
शरद यादव ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि विजय चौधरी को बिहार पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। विजय चौधरी को अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए उनका नाम तय करने से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने फिर दोहराया कि ललन सिंह अगर अध्यक्ष पद पर बने रहते तो सोने पर सुहागा होता परंतु उन्होंने कहा है कि वह पार्टी के लिए कार्य करते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि ललन सिंह ने दो फरवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर पार्टी में लोकतंत्र नहीं होने का आरोप लगाते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। ज्ञात हो कि ललन सिंह मुंगेर संसदीय क्षेत्र के सांसद भी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications